संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
रसड़ा में शराब दुकान के पास युवक की हत्या: पुरानी रंजिश में चाकू से गोदा
ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
रसड़ा/बलिया। रसड़ा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब देशी शराब की दुकान के पास एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना संवरा चट्टी की है, जहां वारदात के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बलिया-मऊ राजधानी मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
मृतक की पहचान गुरगुजपुर निवासी 40 वर्षीय सत्यप्रकाश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह संवरा चट्टी पर एक ठेले के पास खड़ा था, तभी कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और बदमाशों ने सत्यप्रकाश के पेट में चाकू घोंप दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल सत्यप्रकाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक के भाई ओमप्रकाश ने संवरा गांव के तीन नामजद व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।घटना से नाराज ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे तक बलिया-मऊ मार्ग जाम रखा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन बाधित रहा।
सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार शुक्ला, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी आलोक कुमार गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र बहादुर सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Comments