शॉर्ट सर्किट से कृषि सेवा केंद्र में लगी भीषण आग, खाद-बीज समेत लाखों का सामान राख
180 बोरी खाद, बीज व कृषि उपकरण जले; उधारी का हिसाब रखने वाला रजिस्टर भी राख
रिपोर्टर-रामअशीष तिवारी (खजनी तहसील)
खजनी, गोरखपुर। सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हरदत्तपुर पेट्रोल पंप के पास स्थित श्री गुरु कृपा कृषि सेवा केंद्र में गुरुवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और दुकान से निकलते घने धुएं को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल केंद्र संचालक सच्चिदानंद द्विवेदी और डायल 112 पर सूचना दी। देखते ही देखते आग ने कृषि सेवा केंद्र में रखे खाद-बीज और कृषि उपयोगी सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। कुछ ही देर में दमकल टीम भी पहुंच गई। पुलिसकर्मियों, दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से काफी प्रयास किया, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकान में रखा बड़ी मात्रा में कृषि सामग्री जलकर नष्ट हो चुकी थी।
केंद्र संचालक के अनुसार, आग से सरसों का बीज, छिड़काव मशीन, खाद-बीज, बरसीम, जिंक, सल्फर और मैग्नीशियम समेत करीब 180 बोरी खाद जल गई। इसके अलावा दुकान में उधार दिए गए कृषि सामान का पूरा हिसाब-किताब दर्ज करने वाला रजिस्टर भी आग की चपेट में आकर नष्ट हो गया। आग से दुकान के अंदर रखा सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
Read More शिलचर में आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में नशे के खिलाफ सामाजिक प्रतिरोध खड़ा करने का आह्वानसच्चिदानंद द्विवेदी ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से करीब सात से आठ लाख रुपये के सामान का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा कृषि संबंधी सामान काफी मात्रा में था, जिससे आग लगने के बाद नुकसान तेजी से बढ़ गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में मदद की।
Read More उत्तर मध्य रेलवे ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत 1,11,11,111 पौधे लगाने का जादुई आंकड़ा छुआ।प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, आग किस वजह से लगी और कुल कितने रुपये का नुकसान हुआ, इसका वास्तविक आकलन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस और संबंधित विभाग की टीम ने घटना की जानकारी जुटाई है। अचानक लगी आग से कृषि सेवा केंद्र संचालक को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ उधार लेन-देन का रिकॉर्ड नष्ट होने से भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


Comments