सपा विधायक के 24 घंटे के सत्याग्रह का समापन
नीट परीक्षा पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग और दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने सत्याग्रह समाप्त कर दिया है।
कानपुर। नीट परीक्षा पेपर लीक, परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग और दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने सत्याग्रह समाप्त कर दिया है। फूलबाग स्थित गांधी प्रतिमा पर 24 घंटे का सत्याग्रह प्रस्तावित था, लेकिन पुलिस द्वारा कार्यक्रम की अनुमति न देने और बैरिकेडिंग किए जाने के कारण गांधी प्रतिमा पर सत्याग्रह नहीं हो सका।
इसके बाद अमिताभ बाजपेई अपने साथियों के साथ अपने आवास पर ही 24 घंटे का सत्याग्रह किया और छात्रों के हक एवं न्याय की आवाज को बुलंद किया। सत्याग्रह के समापन के उपरांत महामहिम राष्ट्रपति जी के नाम संबोधित ज्ञापन एडीसीपी अर्चना सिंह जी को सौंपा। सपा विधायक ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच कर सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और परीक्षा व्यवस्था को सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया जाए। जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज एवं बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।
नीट पेपर लीक एवं उससे उत्पन्न मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले छात्र-छात्राओं के परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा एवं सरकारी सहायता दी जाए। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें।


Comments