खजनी में सड़क चौड़ीकरण ने पकड़ी रफ्तार, किसान तुरंत कराएं अंश निर्धारण; विकास कार्य में बाधा नहीं होगी : एसडीएम
कटघर–बिगही, सतुआभार–मझगांवा मार्ग पर तेज हुआ चौड़ीकरण,गोरखपुर–खजनी–सिकरीगंज फोरलेन की तैयारी भी शुरू
ब्युरो कार्यालय (गोरखपुर उत्तर प्रदेश)
गोरखपुर। खजनी तहसील क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं ने अब रफ्तार पकड़ ली है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा कटघर–बिगही मार्ग तथा सतुआभार–मझगांवा (महिलावर) मार्ग के चौड़ीकरण पेपर कार्य में तेजी आ गई है ,वहीं गोरखपुर–खजनी–सिकरीगंज मार्ग को चार लेन में विकसित करने की तैयारी भी शुरू हो गई है। प्रशासन ने सड़क किनारे स्थित किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी खतौनी, इंतखाब एवं भूमि का अंश (हिस्सा) निर्धारण अवश्य करा लें, ताकि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
उपजिलाधिकारी राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता वाली इन सड़क परियोजनाओं को तय समय में पूरा कराने के लिए राजस्व एवं लोक निर्माण विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन खातों में हिस्सेदारी स्पष्ट नहीं है या खतौनी में त्रुटियां हैं, उनके स्वामी तत्काल संबंधित हल्का लेखपाल से संपर्क कर आवश्यक अभिलेख उपलब्ध कराएं। समय रहते अंश निर्धारण होने से भविष्य में मुआवजा, सीमांकन और राजस्व संबंधी विवादों से बचा जा सकेगा।
हल्का लेखपाल कौटिल्य दुबे ने बताया कि विशेष रूप से सतुआभार–मझगांवा मार्ग एवं सतुआभार लिंक रोड पर कई स्थानों पर खतौनी और हिस्सेदारी से जुड़ी समस्याएं सामने आ रही हैं। ऐसे सभी कास्तकार अपनी भूमि के दस्तावेज एवं इंतखाब लेकर लेखपाल से संपर्क करें, ताकि भूमि का सही रिकॉर्ड तैयार किया जा सके। उन्होंने कहा कि समय पर अंश निर्धारण कराने से भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता रोहित सिंह ने बताया कि कटघर–सतुआभार–बिगही मार्ग को लगभग 10 मीटर चौड़ा किया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर आवश्यक भूमि का उपयोग राजस्व अभिलेखों के अनुसार किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्रवासियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
इसी बीच लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-2, गोरखपुर ने गोरखपुर–खजनी–सिकरीगंज मार्ग (14.300 किमी) को चार लेन में चौड़ा एवं सुदृढ़ करने की प्रक्रिया भी तेज कर दी है। अधिशासी अभियंता द्वारा संबंधित उपजिलाधिकारियों को भेजे गए पत्र में सड़क के मध्य से दोनों ओर 12.50–12.50 मीटर तक उपलब्ध सरकारी भूमि का विवरण तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगणन तैयार कर शासन को भेजा जा सके। यह परियोजना वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल है और मुख्यमंत्री की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली योजनाओं में गिनी जा रही है।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे विकास कार्य में सहयोग करते हुए अपनी भूमि से संबंधित सभी राजस्व औपचारिकताएं समय पर पूरी कर लें। इससे सड़क चौड़ीकरण कार्य बिना किसी बाधा के पूरा होगा और खजनी क्षेत्र में विकास तथा आवागमन को नई गति मिलेगी।


Comments