नवीनतम
फीचर्ड
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 12 वर्षीय किशोर की मौत, दो अन्य घायल
----- छोटे बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, माता-पिता और बड़े भाई का रो-रोकर हुआ बुरा हाल
स्वतंत्र प्रभातरतनपुर/महराजगंज।
सोनौली कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार की सुबह प्रकृति काल बनकर टूटा। सुबह करीब साढ़े सात बजे गरज-चमक और भारी बारिश के बीच खेत में गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और एक युवक गंभीर रूप से झुलस गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दो घायलों का उपचार चल रहा है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा और देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची सोनौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह हनुमानगढ़िया गांव के सिवान में तेज गर्जना के साथ झमाझम बारिश हो रही थी। इसी दौरान गांव निवासी सुरेश चौरसिया का 12 वर्षीय पुत्र आयुष चौरसिया खेत में धान की नर्सरी उखाड़ रहा था। तभी अचानक कड़कड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली सीधे उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
आकाशीय बिजली का झटका इतना जोरदार था कि पास के ही खेत में काम कर रहे उसके सगे चाचा महेश चौरसिया (28) पुत्र तूफानी और पड़ोसी अनीता (36) पत्नी गोविंद पासवान भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। खेत में मौजूद अन्य ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों को रतनपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद आयुष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से झुलसे महेश और अनीता का अस्पताल में इलाज जारी है।
बुझ गया घर का चिराग, गांव में पसरा सन्नाटा
मृतक आयुष दो भाइयों में सबसे छोटा था और स्थानीय स्कूल में पढ़ता था। उसकी मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची की पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां मुन्नी देवी व पिता सुरेश चौरसिया और बड़े भाई आरुष का रो-रोकर बुरा हाल है। माता-पिता अपने लाडले की इस तरह अचानक हुई मौत पर सुध-बुध खो बैठे हैं। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और चूल्हे तक नहीं जले।
इस संबंध में भगवानपुर चौकी इंचार्ज अजय कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर और अस्पताल पहुंची थी। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से किशोर की मौत हुई है। विधिक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घायलों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
maharajganj Maharajganj News Ratanpur uttar pradesh news accident news बारिश सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज समाचार आकाशीय बिजली monsoon heavy rain महराजगंज postmortem रतनपुर पोस्टमार्टम उत्तर प्रदेश समाचार Rural News Community Health Centre किशोर की मौत गंभीर घायल Seriously Injured ग्रामीण समाचार Natural Disaster दुर्घटना समाचार मानसून सोनौली कोतवाली Paddy Nursery धान की नर्सरी Teen Death सोनौली Sonauli हनुमानगढ़िया Hanumangarhiya Lightning Strike खेत में हादसा Farm Accident आयुष चौरसिया Ayush Chaurasiya महेश चौरसिया Mahesh Chaurasiya अनीता पासवान Anita Paswan प्राकृतिक हादसा बिजली गिरने से मौत Death Due to Lightning सीएचसी रतनपुर CHC Ratanpur Sonauli Police Station भगवानपुर चौकी Bhagwanpur Police Outpost मौसम हादसा Weather Incident


Comments