बरसात से पहले नालों की सफाई हर हाल में पूर्ण करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई-जिलाधिकारी
नगर क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश, धार्मिक स्थलों के सौन्दर्यीकरण कार्यों की भी हुई समीक्षा
राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
सोनभद्र / उत्तर प्रदेश -
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में उपलब्ध बजट के सापेक्ष कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर निकायों में संचालित विभिन्न परियोजनाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं सौन्दर्यीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए नगर क्षेत्रों के सभी नालों की सफाई बरसात से पूर्व अनिवार्य रूप से पूर्ण कर ली जाए।
उन्होंने कहा कि नालों की सफाई के कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि नगर पंचायत क्षेत्रों में आगामी एक सप्ताह तक प्रतिदिन प्रातः 07ः00 बजे से विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए तथा उसकी दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि नालों की सफाई एवं स्वच्छता कार्यों की प्रगति की समीक्षा वीडियो कॉल के माध्यम से भी की जाएगी।
उन्होंने 15वें एवं 16वें वित्त आयोग की धनराशि से कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता के उच्च मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराए जाएं, जिससे आमजन को उनका लाभ मिल सके। बैठक में धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों के सौन्दर्यीकरण कार्यों की भी बिंदुवार समीक्षा की गई।
Read More हिण्डालको कर्मचारी रवि सिंह का भव्य सम्मान, विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर बढ़ाया भारत का मानजिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी सौन्दर्यीकरण कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे धार्मिक स्थलों की गरिमा एवं आकर्षण में वृद्धि हो। जिलाधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र में एक आधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे रोहित यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments