प्रयागराज में गर्मी का तांडव, 46.8 डिग्री पहुंचा पारा।
प्रयागराज में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे संगम नगरी आग की भट्टी में तब्दील होती नजर आई। तेज धूप और गर्म हवाओं ने सुबह से ही लोगों को बेहाल कर दिया।
स्वतंत्र प्रभात ।
ब्यूरो प्रयागराज।
प्रयागराज में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे संगम नगरी आग की भट्टी में तब्दील होती नजर आई। तेज धूप और गर्म हवाओं ने सुबह से ही लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कें सूनी पड़ गईं और बाजारों में भीड़ न के बराबर दिखाई दी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक राहत मिलने की संभावना कम है। विभाग ने हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी करते हुए लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घरों में ही रहने की अपील की है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस समय बाहर निकलना स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकता है।
शहर में पड़ रही झुलसा देने वाली गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई दे रहा है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरा ढककर निकल रहे हैं। ठंडे पेय पदार्थों, जूस और पानी की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है, जबकि दोपहर के समय मुख्य सड़कें लगभग खाली नजर आ रही हैं।
डॉक्टरों ने बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। चिकित्सकों के मुताबिक लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के संपर्क में रहने से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और चक्कर आने जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ सकती हैं। लोगों को अधिक मात्रा में पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी गई है। यदि अत्यंत जरूरी कार्य हो तो सिर को गमछे या टोपी से ढककर ही बाहर निकलें।
गर्मी का असर बिजली और पानी की खपत पर भी दिखाई देने लगा है। शहर के कई इलाकों में बिजली की मांग बढ़ने से लोड बढ़ गया है, वहीं पानी की खपत भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक हो गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बिना जरूरत घरों से बाहर न निकलें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। साथ ही छोटे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। लगातार बढ़ते तापमान ने लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित कर दी है और शहर में दोपहर के समय कर्फ्यू जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।


Comments