नवीनतम
फीचर्ड
टॉवर पर चढ़ी मोहब्बत आखिर निकाह तक पहुंची, बैंगलोर से बस्ती आया प्रेमी; नजमा और मेहताब बने जीवनसाथी
बस्ती में पिछले कई दिनों से चर्चा में चल रही एक प्रेम कहानी का आखिरकार सुखद अंत हो गया। प्रेमी से मिलने और निकाह की जिद पर अड़ी नजमा का निकाह उसके प्रेमी मेहताब के साथ संपन्न हो गया।
बस्ती। बस्ती में पिछले कई दिनों से चर्चा में चल रही एक प्रेम कहानी का आखिरकार सुखद अंत हो गया। प्रेमी से मिलने और निकाह की जिद पर अड़ी नजमा का निकाह उसके प्रेमी मेहताब के साथ संपन्न हो गया। इस पूरे घटनाक्रम ने न सिर्फ इलाके में सनसनी मचा दी थी, बल्कि पुलिस और प्रशासन के लिए भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नजमा और मेहताब के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। मेहताब रोजगार के सिलसिले में बैंगलोर में रह रहा था, जबकि नजमा बस्ती में थी। प्रेमी से दूरी नजमा को इस कदर नागवार गुजरी कि उसने उसे बुलाने और निकाह कराने की मांग को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा शुरू कर दिया।
नजमा पहले वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के पड़िया इलाके और बाद में रुधौली थाना क्षेत्र के हनुमानगंज क्षेत्र में टॉवर पर चढ़ गई थी। उसने घंटों तक हंगामा करते हुए प्रेमी से मिलाने और शादी कराने की मांग की। इस दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस-प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों चले प्रयास के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा।
पूरा मामला धीरे-धीरे जिले में चर्चा का विषय बन गया। पुलिस अधिकारियों ने दोनों परिवारों से बातचीत कर माहौल शांत कराया और आपसी सहमति बनाने की कोशिश शुरू की। आखिरकार दोनों परिवार निकाह के लिए राजी हो गए और बैंगलोर में रह रहा मेहताब भी सब कुछ छोड़कर बस्ती पहुंच गया।
इसके बाद दोनों का निकाह संपन्न कराया गया और प्रेम कहानी को नया मुकाम मिल गया। इलाके में अब इस प्रेम कहानी की खूब चर्चा हो रही है। स्थानीय लोग मजाकिया अंदाज में नजमा को “इश्क वाली बेगम” कहकर बुला रहे हैं, जबकि मेहताब की मोहब्बत को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
इस पूरे मामले में बस्ती पुलिस की भूमिका भी चर्चा में रही, जिसने सूझबूझ और संयम के साथ स्थिति को संभालते हुए विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से निकाह तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।


Comments