100 शैय्या अस्पताल निर्माण में लापरवाही पर डीएम सख्त
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि 770.99 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 69 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है
भदोही। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय परियोजना में निर्माण कार्य की धीमी प्रगति और अव्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान कार्य की स्थिति असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने परियोजना प्रबंधक को फटकार लगाते हुए कार्रवाई एवं स्थानांतरण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी शशिकांत, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग तथा कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण निगम सोनभद्र इकाई के अधिकारी मौजूद रहे।
परियोजना प्रबंधक ने बताया कि 770.99 लाख रुपये की लागत वाली इस परियोजना का लगभग 69 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है और मुख्य भवन को 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मौके पर 32 श्रमिक कार्य करते मिले। हालांकि निरीक्षण में निर्माण स्थल पर साफ-सफाई का अभाव, सामग्री की अव्यवस्थित स्थिति और सीमित संख्या में श्रमिक काम करते पाए गए।
जिलाधिकारी ने मौके की स्थिति देखकर नाराजगी जताई और कहा कि वर्तमान प्रगति के आधार पर तय समय में कार्य पूरा होना संभव नहीं दिख रहा है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि अस्पताल भवन के पीछे प्रस्तावित नर्सिंग हॉस्टल एवं आवासीय भवनों का निर्माण अभी शुरू तक नहीं हुआ है, जबकि मुख्य भवन में विद्युत कार्य भी बंद मिला।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि अधिकांश निरीक्षणों में केवल 10 से 12 श्रमिक ही कार्य करते मिलते हैं, जिससे निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। इस पर डीएम ने परियोजना प्रबंधक को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल मैनपावर बढ़ाने और निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को परियोजना प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई एवं स्थानांतरण के संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय को पत्र भेजने के निर्देश दिए। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी को कार्यदायी संस्था के परियोजना प्रबंधक के खिलाफ विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराने को कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत निर्माणाधीन 50 शैय्यायुक्त क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने बताया कि परियोजना पर 45 श्रमिक कार्यरत हैं और दिसंबर 2026 तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। निरीक्षण में भवन के विभिन्न हिस्सों में निर्माण कार्य प्रगति पर मिला, हालांकि कुछ स्थानों पर बीम में हनीकॉम्बिंग भी दिखाई दी, जिसकी जांच लखनऊ की संस्था से कराए जाने की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग भदोही लोक निर्माण विभाग मुख्य विकास अधिकारी भदोही समाचार यूपी स्वास्थ्य समाचार जिलाधिकारी शैलेष कुमार निर्माण कार्य में लापरवाही सरकारी परियोजना निरीक्षण डीएम निरीक्षण 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय अस्पताल निर्माण कार्य मुख्यमंत्री प्राथमिकता परियोजना राजकीय निर्माण निगम परियोजना प्रबंधक फटकार अस्पताल भवन निर्माण नर्सिंग हॉस्टल निर्माण विद्युत कार्य बंद श्रमिकों की कमी निर्माण कार्य धीमा सीएमओ भदोही आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल 50 शैय्या अस्पताल हनीकॉम्बिंग जांच सरकारी अस्पताल परियोजना भदोही अस्पताल निर्माण कार्य प्रगति डीएम कार्रवाई परियोजना प्रबंधक स्थानांतरण


Comments