ट्रक की चपेट में आकर स्कूटी सवार दुकानदार की मौत, मुआवजे व उच्चाधिकारियों को बुलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

आक्रोशित लोगों ने ट्रक फूंकने का किया प्रयास, ढाई घंटे तक ठप रहा आवागमन

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात | बिहार से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश

 

एकमा (सारण)। जिले के एकमा थाना क्षेत्र में मांझी-बरौली स्टेट हाईवे-96 पर गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक स्कूटी सवार दुकानदार की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे व दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब ढाई घंटे तक सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को आग के हवाले करने का भी प्रयास किया।

मृतक की पहचान नगर पंचायत एकमा बाजार अंतर्गत हेकाम गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश सिंह के पुत्र विनोद कुमार सिंह (50) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह स्कूटी से एकमा से मांझी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान हंसराजपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप नहर पुलिया पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार सिंह को एकमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया। लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने पुलिस द्वारा जब्त ट्रक को थाना ले जाने के दौरान रोक दिया और बाद में छपरा-सिवान नेशनल हाईवे-531 पर अलख नारायण सिंह उच्च माध्यमिक विद्यालय एकमा के समीप शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लगभग ढाई घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

सारांश कुमार का विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन Read More सारांश कुमार का विश्व योगासन चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि मृतक परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और उनकी मौत से परिवार पर संकट टूट पड़ा है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।सूचना मिलने पर अंचल पुलिस निरीक्षक किरण शंकर, एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव, बीडीओ डॉ. अरुण कुमार तथा सीओ अमलेश कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका।
एकमा थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया गया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

शक्तिनगर पुलिस को मिली सफलता, 01 गांजा तस्कर गिरफ्तार Read More शक्तिनगर पुलिस को मिली सफलता, 01 गांजा तस्कर गिरफ्तार

ग्रामीणों ने बताया कि विनोद कुमार सिंह गांव में किराने की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। एक पुत्री की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी पुत्री और दोनों पुत्र अभी पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

भीमनगर में अवैध मुद्रा विनिमय रैकेट का भंडाफोड़, 23 लाख से अधिक की नेपाली व भारतीय मुद्रा बरामद Read More भीमनगर में अवैध मुद्रा विनिमय रैकेट का भंडाफोड़, 23 लाख से अधिक की नेपाली व भारतीय मुद्रा बरामद

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें