कालीबाग थाना क्षेत्र से देसी कट्टा व चाकू के साथ युवक गिरफ्तार
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
बेतिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कालीबाग थाना क्षेत्र के विद्यानगर वार्ड संख्या-04 स्थित एक किराये के मकान से एक युवक को देसी कट्टा और चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवक आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था।
जानकारी के मुताबिक कालीबाग थाना को सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार के साथ किराये के मकान में रह रहा है तथा रात के समय अपने साथियों के साथ आपराधिक घटनाओं की योजना बनाता है। सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने 6 मई, बुधवार की रात विद्यानगर वार्ड संख्या-04 स्थित मकान में छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस बल की सहायता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विशाल राव बताया। वह चौतरवा थाना क्षेत्र के अहीरवलिया गांव का रहने वाला है।
तलाशी के दौरान उसके कमरे से एक देसी कट्टा और एक डैगर (चाकू) बरामद किया गया। इस मामले में 7 मई, गुरूवार को कालीबाग थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।छापेमारी दल में कालीबाग थाना अध्यक्ष अजय कुमार सहित तकनीकी शाखा और पुलिस बल के अन्य अधिकारी व जवान शामिल रहे।


Comments