नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
बलिया में STF-पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 471 पेटी अवैध शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार
बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और बैरिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 471 पेटी अवैध शराब जब्त की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई जा रही है। मौके से तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जयप्रकाश नगर के भवन टोला बंधे के रास्ते दो पिकअप वाहनों में शराब भरकर उसे नदी के रास्ते नाव से बिहार भेजने की तैयारी है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दिकी (STF) और प्रभारी निरीक्षक बैरिया राजेंद्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम भवन टोला बंधे से पहले ही घेराबंदी कर पिकअप वाहनों का इंतजार करने लगी।
कुछ ही देर बाद एक के पीछे एक दो पिकअप वाहन भवन टोला बंधे की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने तत्काल पीछा किया। आगे रास्ता बंद देख वाहन चालकों ने गाड़ी रोक दी और उसमें सवार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान धर्मजीत भारती (निवासी हुसैनाबाद बांसडीह), करन कुमार शाह (निवासी बैरिया) और पिंटू प्रसाद (निवासी बहादुरपुर, कोतवाली बलिया) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब बैरिया स्थित गोदाम से लाई गई थी और इसे नाव के जरिए बिहार भेजा जाना था। पुलिस ने दोनों पिकअप वाहनों की तलाशी में विभिन्न ब्रांडों की कुल 471 पेटी शराब बरामद की।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा दोनों पिकअप वाहनों को भी जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Comments