गोरखपुर: खजनी के महुआडाबर में चोरों का आतंक, 3 दिन में 2 बड़ी चोरियां, 20 लाख से अधिक का नुकसान
ग्रामीण दहशत में, पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप
रिपोर्टर- रामअशीष तिवारी ( खजनी तहसील)
ख़जनी / गोरखपुर जनपद के खजनी थाना क्षेत्र महुआडाबर चौकी अंतर्गत भीटी खोरिया गांव में इन दिनों चोरों के तांडव से त्रस्त है। महज तीन दिनों के अंतराल में एक ही गांव में हुई दो बड़ी चोरियों ने न केवल स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है, बल्कि पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। कुल मिलाकर दोनों घटनाओं में 20 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी होने का अनुमान है।
छत से घुसकर चोरों का शातिर खेल
12 अप्रैल की रात को सबसे ताजा वारदात संतोष गौड़ के घर हुई। चोरों ने छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, आलमारी का ताला तोड़ा और शादी के लिए रखे गए कीमती जेवरात, नकदी तथा कपड़ों समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति लूट ली। चोर इतने शातिर निकले कि बाहर से मुख्य दरवाजा बंद कर दिया, जिससे पूरा परिवार रातभर घर के अंदर कैद रहा। सुबह दरवाजा न खुलने पर ही घटना का पता चला।
इससे पहले 9 अप्रैल की रात को भी इसी गांव में आनंदेश्वर पांडेय उर्फ संतोष के घर चोरों ने छत के रास्ते घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली। चार कर्णफूल, चार अंगूठियां, दो सोने की चेन, दो जोड़ी पायल सहित कुल 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान बताया गया है।
लिखित तहरीर के बावजूद नहीं दर्ज हुए मुकदमे
ग्रामीणों ने दोनों घटनाओं में खजनी थाना और महुआडाबर चौकी पर लिखित तहरीर दी है, लेकिन पहली घटना में अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। इससे गुस्साए गांववासियों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती और लापरवाही के कारण चोर बेखौफ होकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अगर पहली चोरी के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई होती तो दूसरी घटना रोकी जा सकती थी। क्षेत्र में रात के समय न गश्त है, न निगरानी। छोटी-मोटी चोरियां पहले से चल रही थीं, अब बड़े गिरोह सक्रिय हो गए हैं। हालात इतने खराब हैं कि लोग खुद रात में पहरा देने को मजबूर हो गए हैं।
पुलिस का दावा- पहली घटना फर्जी, दूसरी में जांच कर दर्ज होगा मुकदमा
Read More कानपुर में सनसनीखेज वारदात: रिटायर्ड दरोगा के बेटे ने युवक को कार से कुचला, 50 मीटर तक घसीटाइस पूरे मामले पर खजनी थाना प्रभारी (एसएचओ) जयंत सिंह ने कहा कि 8/9 अप्रैल की घटना फर्जी है, जबकि 11/12 अप्रैल की रात संतोष गौड़ के घर हुई चोरी का मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
वहीं, खजनी सीओ दीपांशी राठौर ने घटना की कोई जानकारी न होने की बात कही।
जनता में बढ़ा आक्रोश, न्याय की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप है कि खजनी क्षेत्र में कई तहरीरें दबाई जा रही हैं और आम जनता न्याय से वंचित हो रही है। महुआडाबर की इन घटनाओं ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से तुरंत संज्ञान लेते हुए चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


Comments