छात्रा से अश्लील हरकत, शिक्षामित्र गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
पहले भी मिली थी चेतावनी, आचरण में नहीं हुआ सुधार
सुल्तानपुर के एक सरकारी स्कूल में कक्षा दो की छात्रा से अश्लील हरकत के आरोप में शिक्षामित्र वत्सल प्रसाद मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बुधवार देर रात मुकदमा दर्ज करने के बाद यह कार्रवाई की।
परिजनों के अनुसार, शिक्षामित्र ने छात्रा के साथ कई बार अनुचित स्पर्श किया। छात्रा ने आरोप लगाया कि एक बार उसके गाल पर दांत से काटा गया था। 14 फरवरी को दोबारा कथित हरकत के बाद छात्रा ने रोते हुए अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार में आक्रोश फैल गया।
बताया गया है कि छात्रा के पिता ने पहले भी प्रधानाध्यापक राजेश कुमार त्रिपाठी से शिकायत की थी, लेकिन उस समय कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। 23 फरवरी को दोबारा लिखित शिकायत मिलने पर प्रधानाध्यापक ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को पत्र भेजकर विभागीय कार्रवाई की सिफारिश की।
मामला मीडिया में आने के बाद शिक्षा विभाग और पुलिस सक्रिय हुए। खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) दुबेपुर राम तीरथ वर्मा ने विद्यालय पहुंचकर परिजनों और प्रधानाध्यापक के बयान दर्ज किए और अपनी रिपोर्ट बीएसए को भेजी। कोतवाली देहात एसओ धर्मवीर सिंह ने पुष्टि की कि अभिभावक की तहरीर पर आरोपी शिक्षामित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तार शिक्षामित्र वत्सल प्रसाद मिश्रा की कार्यशैली पहले भी सवालों के घेरे में रही है। इससे पूर्व मिली एक शिकायत पर बीएसए उपेंद्र गुप्ता ने जांच कराई थी, जिसमें उनकी गतिविधियां संदिग्ध पाई गई थीं। 15 सितंबर 2025 को बीएसए ने उन्हें चेतावनी नोटिस जारी किया था।
उस नोटिस में स्पष्ट कहा गया था कि यदि उनके कार्य व्यवहार में सुधार नहीं हुआ तो सेवा समाप्ति की कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद आरोप है कि उनके आचरण में अपेक्षित सुधार नहीं आया।

Comments