नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
ओडिशा में 13 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप के आरोप में 5 शिक्षक गिरफ्तार
शिकायत मिलने के अगले दिन चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की टीम ने स्कूल का दौरा कर मामले की जांच शुरू की
ब्यूरो प्रयागराज- ओडिशा के केंद्रापाड़ा जिले में एक निजी इंग्लिश मिडिय स्कूल में रेप का मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने कक्षा 7 की एक छात्रा के साथ कथित रूप से एक साल से अधिक समय तक दुष्कर्म करने के आरोप में 5 शिक्षकों को गिरफ्तार किया है. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक मामला तब सामने आया, जब नाबालिग पीड़िता ने पिछले महीने अपनी मां को पूरी घटना बताई. इसके बाद परिवार ने 18 फरवरी को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) में शिकायत दर्ज कराई. इसकी जानकारी बाल कल्याण समिति की सदस्य स्वागतिका पात्रा ने दी.
शिकायत मिलने के अगले दिन चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की टीम ने स्कूल का दौरा कर मामले की जांच शुरू की और इसे संवेदनशील करार दिया. इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो (पाक्सो ) एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.
केंद्रापाड़ा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ कटारिया ने बताया कि पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया गया है और एफआईआर में नामजद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्हें रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा. एसपी ने कहा, 'यह एक संवेदनशील मामला है. मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम, जो महिला अपराध प्रकोष्ठ का हिस्सा है, जांच की निगरानी करेगी.' पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है.
परिवार का आरोप है कि छात्रा के साथ लंबे समय तक बार-बार दुष्कर्म किया गया. यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ अन्य शिक्षक, जिनमें एक महिला शिक्षक भी शामिल है, आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे. आरोपियों ने कथित तौर पर छात्रा को धमकी भी दी थी कि वह इस बारे में किसी को न बताए.
पीड़िता के परिवार का कहना है कि उन्होंने स्कूल प्रशासन को भी इस बारे में जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. वहीं स्कूल के प्रिंसिपल ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी परिवार की तरफ से चाइल्ड वेलफेयर कमेटी में शिकायत दर्ज कराने के बाद ही मिली.वहीं मामले पर प्रिंसिपल ने कहा, 'पूरी सच्चाई विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएगी.'

Comments