नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
कमरे के अंदर सुरक्षा गार्ड की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
शव से दुर्गंध आने पर घटना की मिली जानकारी
राहुल जायसवाल की रिपोर्ट
नैनी,प्रयागराज। नैनी कोतवाली क्षेत्र स्थित चक हीरानंद मोहल्ले में रविवार को एक मकान के कमरे सुरक्षा गार्ड की सड़ी- गली लाश मिली। शव से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने जानकारी मृतक के भाई को दी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव करीब 10 दिन पुराना बताया जा रहा है।सूचना मिलने पर मृतक का भाई मौके पर पहुंचा और डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। पुलिस और डॉग स्क्वॉड टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस के अनुसार जिस कमरे में शव मिला, वह अंदर से खुला हुआ था। शव जमीन पर पड़ा मिला, जिस पर कीड़े लगे हुए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।
15 दिन पहले भी मिला था दरवाजा खुला होने का संकेत मृतक के बड़े भाई आशीष ने बताया कि करीब 15 दिन पहले पड़ोसियों ने फोन पर सूचना दी थी कि मकान का दरवाजा खुला हुआ है। उस समय उन्होंने सोचा कि शायद गलती से दरवाजा खुला रह गया होगा। शनिवार को दोबारा पड़ोसियों ने बताया, कि मकान से तेज दुर्गंध आ रही है। मृतक के भाई आशीष ने बताया, कि वह गुरुग्राम में नौकरी करते हैं। सूचना मिलने पर उन्होंने ट्रेन पकड़ी और नैनी पहुंचे। वहां जाकर देखा, कि कमरे का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर उनके भाई का शव जमीन पर पड़ा मिला।
पारिवारिक पृष्ठभूमि मृतक की पहचान आशीर्वाद सिंह उर्फ प्रिंस के रूप में हुई है। उनके पिता अवनींद्र कुमार सिंह, जो मूल रूप से बलिया जिले के नरही थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव के निवासी थे, पीएसी बटालियन नैनी में कार्यरत थे। वर्ष 2011 में दरोगा भर्ती के दौरान दौड़ के समय हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई थी। इसके बाद अनुकंपा के आधार पर प्रिंस को पीएसी में कुक की नौकरी मिली थी।
भाई आशीष के अनुसार, प्रिंस नशे की लत के कारण नौकरी पर ध्यान नहीं दे पाते थे, जिसके चलते उन्हें अनुशासनहीनता के मामले में पीएसी से हटा दिया गया था। बाद में वे सूरत की एक निजी कंपनी में सुरक्षाकर्मी के रूप में काम करने लगे। आंखों में समस्या के कारण उन्होंने वह नौकरी भी छोड़ दी और वापस नैनी आकर रहने लगे।पड़ोसियों के मुताबिक, वह अक्सर शराब के नशे में रहते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

Comments