नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
13वें स्थापना दिवस पर श्रीदस महोत्सव की भव्य गूंज, बच्चों की प्रतिभा ने जीता सबका दिल
शिक्षा और संस्कार का संदेश दे गए एसपी अविनाश कुमार, श्रीदस महोत्सव रहा यादगार
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- देवचंदा मोड़ स्थित श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल में बीते शनिवार को विद्यालय का 13वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम और उल्लास के साथ वार्षिक आयोजन श्रीदस महोत्सव के रूप में मनाया गया। पूरे विद्यालय परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया था, जिससे उत्सव का वातावरण और भी भव्य एवं आकर्षक हो उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अविनाश कुमार आईपीएस कमांडेंट जैप-7, पदमा द्वारा विद्यालय के प्रेरणास्रोत स्वर्गीय दशरथ सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया गया।
इस अवसर पर हजारीबाग जिले के कई शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं पत्रकार गण भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रांगण अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों से खचाखच भरा रहा और सभी ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विशेष रूप से रामायण कांड पर आधारित सीताहरण की नाट्य प्रस्तुति ने सभी का हृदय स्पर्श किया। बच्चों ने भगवान राम, रावण एवं अन्य पात्रों की भूमिकाओं को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से निभाया। राम-रावण युद्ध और सीताहरण के दृश्य ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत ड्रेस फैशन वॉक भी आकर्षण का केंद्र रहा।
कोई भोलेशंकर के अवतार में तो कोई पुलिस अधिकारी एवं मॉडल के रूप में कैटवॉक करते नजर आए, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि एसपी अविनाश यादव ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ एआई, रोबोटिक्स, लॉ एवं बिजनेस स्टडीज जैसे विषयों की पढ़ाई कराकर विद्यार्थियों को भविष्य के लिए तैयार कर रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि शिक्षकों को प्रत्येक छात्र पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए, जैसा ध्यान एक टॉपर पर दिया जाता है, ताकि हर बच्चा बेहतर प्रदर्शन कर सके।
विद्यालय के प्राचार्य के. कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीदस का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के माध्यम से उन्हें एक सशक्त और संस्कारित नागरिक बनाना है। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विभिन्न सम्मान भी प्रदान किए गए। बेस्ट टीचर अवॉर्ड से बाबलू यादव को सम्मानित किया गया। बेस्ट नॉन-टीचिंग स्टाफ के रूप में लक्ष्मी नारायण पांडेय को नवाजा गया।
स्टूडेंट ऑफ द ईयर का सम्मान कक्षा 9 की छात्रा रिया रानी को प्रदान किया गया। वहीं बेस्ट पंक्चुअलिटी पैरेंट अवॉर्ड रामगढ़ निवासी धर्मेश्वर महतो को दिया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन छात्र आदित्य एवं वंदना ने किया, जिनका सहयोग शिक्षक अमरजीत पांडेय ने किया। सम्पूर्ण आयोजन उत्साह, उमंग और भव्यता के साथ संपन्न हुआ, जिसने विद्यालय के 13 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को यादगार बना दिया।

Comments