नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
निर्धारित समय से पहले मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में लटका ताला, मरीज लौटे निराश
मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला बना मजाक......
लालगंज (रायबरेली)। ऐहार के नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेला अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ता नजर आया। मेले का समय सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित था, लेकिन लगभग तीन बजे दोपहर में ही अस्पताल के मुख्य गेट पर ताला लटका मिला।
इलाज की उम्मीद लेकर पहुंचे कई मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ा। कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन गेट बंद देख सभी हैरान रह गए। दूर-दराज गांवों से आए लोगों ने बताया कि अस्पताल परिसर में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। काफी देर इंतजार और पूछताछ के बावजूद स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी।
मरीजों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य मेले का आयोजन करती है, लेकिन यदि निर्धारित समय से पहले ही अस्पताल बंद हो जाए तो योजना का लाभ कैसे मिलेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से शासन की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।
इनकी भी सुनिए
इस संबंध में सीएचसी डलमऊ के अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि चिकित्सक और कर्मचारी किसी आवश्यक कार्य से बाहर गए थे। अस्पताल पूरी तरह बंद नहीं था और कार्य पूरा होने के बाद सभी कर्मचारी वापस लौट आए थे।*
इनसेट.....
हालांकि, सवाल यह उठता है कि जब मेला निर्धारित समय तक चलना था, तो मरीजों को बंद गेट क्यों मिला। अब देखना होगा कि जिम्मेदार इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।

Comments