13वें स्थापना दिवस पर आज सजेगा प्रतिभा का महाकुंभ, श्रीदस महोत्सव में दिखेगा बच्चों का जलवा
नृत्य, संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजेगा विद्यालय परिसर
बरही, हजारीबाग, झारखंड:- देवचंदा मोड़ स्थित श्रीदस इंटरनेशनल स्कूल परिसर में आज विद्यालय के 13वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में भव्य श्रीदस महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। इस महोत्सव को लेकर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान नृत्य, संगीत, नाटक, विज्ञान एवं कला से जुड़ी आकर्षक प्रस्तुतियाँ मंचित की जाएगी।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, यह आयोजन बच्चों की छिपी प्रतिभा को मंच देने और उनके आत्मविश्वास को नई ऊँचाई प्रदान करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। कार्यक्रम की तैयारियाँ अंतिम चरण में हैं और पूरे विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जा रहा है। इस दौरान प्रधानाचार्य कैलाश कुमार ने कहा कि श्रीदस महोत्सव हमारे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का उत्सव है। हम चाहते हैं कि अधिक से अधिक अभिभावक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करें।
आपकी उपस्थिति बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊँचाई देगी। वहीं विद्यालय के मैनेजर राकेश कुमार ने बताया कि हमारा प्रयास है कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का पूरा मंच मिले। श्रीदस महोत्सव उसी सोच का परिणाम है। हम सभी अतिथियों और अभिभावकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार हैं। महोत्सव में भाग ले रहे विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह है।
एक छात्र ने कहा हमने अपनी प्रस्तुति के लिए बहुत मेहनत की है और हम चाहते हैं कि सभी लोग आकर हमें प्रोत्साहित करें। वहीं एक छात्रा ने उत्साह जताते हुए कहा कि स्टेज पर परफॉर्म करने के लिए हम सभी बहुत उत्साहित हैं। श्रीदस महोत्सव हमारे लिए यादगार पल होगा। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 21 फरवरी को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस भव्य आयोजन की शोभा बढ़ाएँ और बच्चों का मनोबल बढ़ाएँ।

Comments