संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
इटवा में दो दिवसीय कुश्ती दंगल का हुआ भव्य शुभारंभ
पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने युवाओं को दिया स्वास्थ्य का संदेश
सिद्धार्थनगर - इटवा नगर पंचायत में शुक्रवार को दो दिवसीय भव्य कुश्ती दंगल का उद्घाटन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व सांसद एवं भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने हेलीकॉप्टर से पहुंचकर किया। उनके आगमन पर क्षेत्रीय जनता एवं खेल प्रेमियों ने जोरदार स्वागत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने युवाओं को कुश्ती से प्रेरणा लेने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि जहां कुश्ती दंगल आयोजित होते हैं, वहां आपसी सौहार्द और भाईचारा मजबूत होता है तथा विवाद और झगड़ों की संभावना कम रहती है।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री डॉ. सतीश चंद्र त्रिवेदी ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा पारंपरिक खेलों को बढ़ावा मिलता है। कार्यक्रम के संयोजक हरिशंकर सिंह ने कहा कि दो दिनों तक चलने वाले इस दंगल में देश के विभिन्न राज्यों से आए ख्यातिप्राप्त पहलवान अपने दांव-पेच का प्रदर्शन करेंगे, जिससे दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
दंगल के दौरान कई मुकाबले अत्यंत रोमांचक रहे। हरियाणा के पहलवान राजेश ने गाजीपुर के बृजेश को पराजित किया। वहीं हरियाणा के मनोज पहलवान ने गाजीपुर के विशाल को शिकस्त दी। इसके अलावा दिल्ली के जितेंद्र ने गाजीपुर के सत्यपाल को हराकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व ब्लॉक प्रमुख बलराम मिश्रा ने किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान, पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार कुंवर, लालजी त्रिपाठी, नगर पंचायत अध्यक्ष इटवा विकास जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष बिस्कोहर अजय गुप्ता, भाजपा जिला मंत्री कृष्णा मिश्रा, प्रदीप कसौधन, राजेंद्र दुबे, पप्पू सिंह, शिवकुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, क्षेत्रीय जनता और कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।

Comments