नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
हज़रत दूलाह शाह दरबार में उर्स 3 अप्रैल से, तैयारियाँ अंतिम चरण में
चौपारण, हजारीबाग, झारखंड:- चौपारण प्रखंड के ग्राम पंचायत चयकलां स्थित हज़रत दूलाह शाह बाबा के दरबार में तीन दिवसीय उर्स मेला 3 अप्रैल से 5 अप्रैल तक आयोजित होगा। उर्स कमेटी के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। दरबार परिसर में साफ़–सफ़ाई, रोशनी, सजावट और व्यवस्थाओं का काम तेज़ी से चल रहा है।
मुखिया प्रतिनिधि मौलाना हेलाल अख्तर और पंसस प्रतिनिधि मो. फ़ैजान अजमेरी ने बताया कि उर्स के अवसर पर इस वर्ष भी पूरी रात चलने वाली महफ़िले–समा (क़व्वाली महफ़िल) का आयोजन होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से पहुँचने वाली नामचीन क़व्वाल पार्टियाँ सूफ़ियाना कलाम पेश करेंगी, जो जायरीन को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर देंगी। उर्स की शुरुआत 3 अप्रैल को होने वाली क़ुरान–ख़्वानी से होगी। इसमें बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और हैदराबाद से कई प्रसिद्ध इस्लामी विद्वान, वक्ता और नातख़्वां शिरकत करेंगे।
कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल होने वाले प्रमुख व्यक्तित्व पूर्व राज्यसभा सांसद और बिहार विधान परिषद के सदस्य ग़ुलाम रसूल बलियावी मौलाना सैयद कामरान हसीब, रामगढ़ नकीब जनाब जमाल अख्तर, पलामू के नाम शामिल हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, उर्स के दौरान बड़ी संख्या में जायरीन दरबार पहुंचते हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में रौनक और धार्मिक सौहार्द का वातावरण बन जाता है। इस बार भी चयकलां में उर्स को लेकर लोगों में ज़बरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

Comments