चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती का किया गया विनष्टीकरण, क़रीब 10 एकड़ फसल नष्ट

वन विभाग व चौपारण पुलिस का संयुक्त अभियान, ड्रोन से चिन्हित कर की गई कार्रवाई

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

चौपारण, हजारीबाग, झारखंड:-  हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस और वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 एकड़ क्षेत्र में लगी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। यह संयुक्त अभियान दिनांक 14 फरवरी 2026 को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार चौपारण थाना अंतर्गत चोरदाह पंचायत के लालकिमाटी जंगल क्षेत्र में वन विभाग एवं चौपारण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया।
 
अभियान के दौरान दुर्गम एवं घने जंगल क्षेत्रों में अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती को चिन्हित किया गया और मौके पर ही पूरी फसल को विनष्ट कर दिया गया। अभियान के दौरान घटनास्थल से निम्नलिखित सामग्री भी बरामद की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया जिसमें 14 डिलीवरी पाइप है। पुलिस प्रशासन ने बताया कि अवैध अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
 
मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है। इस अभियान में कई वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहे, जिनमें अजित कुमार बिमल एसडीपीओ बरही,  सरोज सिंह चौधरी थाना प्रभारी चौपारण, एएसआई बादल महतो, एएसआई कमरुद्दीन, सशस्त्र बल के जवान, बनपाल सरवन कुमार एवं कुलदीप महतो शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि पुलिस द्वारा ड्रोन के माध्यम से दुर्गम इलाकों में अवैध खेती को चिन्हित कर लगातार विनष्ट किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा। हजारीबाग पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती करने वालों में हड़कंप मच गया है।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें