संबंधित खबरें
न्यायिक प्रक्रिया को सशक्त करेगा ग्लोबल मेडिएशन सेंटर : सुनीत अग्रवाल
12 फरवरी को हाईकोर्ट से होगा डिजिटल शुभारंभ
ब्यूरो रीवा मप्र। मध्यस्थता केन्द्र के माध्यम से वैकल्पिक विवाद समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भोपाल के सचिव एवं न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल ने सोमवार को ग्लोबल मेडिएशन सेंटर का निरीक्षण किया।।निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं, संरचना एवं कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यह केंद्र पूर्णतः सुव्यवस्थित है और यहाँ सकारात्मक वातावरण में प्रभावी ढंग से मध्यस्थता संभव है।
ग्लोबल मेडिएशन सेंटर की अध्यक्ष डॉ. प्रतिभा राजगोपाल एवं उपाध्यक्ष जी.एस. तिवारी ने स्मृति-चिह्न भेंट कर न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल का स्वागत किया तथा संस्था के उद्देश्यों, उपलब्ध सुविधाओं एवं मध्यस्थता प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।डॉ. राजगोपाल ने बताया कि यह केंद्र पारिवारिक, सामाजिक एवं अन्य विवादों के त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में कार्य कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल ने कहा कि मध्यस्थता न केवल न्यायालयों पर लंबित मामलों का भार कम करता है, बल्कि पक्षकारों को समय, धन और मानसिक तनाव से भी राहत प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र न्यायिक व्यवस्था को और अधिक मानवीय तथा सुलभ बनाते हैं।
डॉ. प्रतिभा राजगोपाल ने आगे जानकारी दी कि उच्च न्यायालय, जबलपुर द्वारा आगामी 12 फरवरी को ग्लोबल मेडिएशन सेंटर का अवलोकन एवं डिजिटल शुभारंभ किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन को ध्यान में रखते हुए न्यायाधीश सुनीत अग्रवाल द्वारा केंद्र का प्राथमिक निरीक्षण किया गया, ताकि सभी व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से सुनिश्चित की जा सकें। इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष जी.एस. तिवारी, मीडिएटर एवं काउंसलर आशा, उर्मिला शर्मा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Comments