संबंधित खबरें
हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हुआ ओबरा बाबा भूतेश्वर और शिव पार्वती अमर डम डम गुफा,शोभनाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
भक्तो की उमड़ी भीड़, लगे हर हर महादेव के जयकारे
अजित सिंह/ राजेश तिवारी ( ब्यूरो रिपोर्ट)
ओबरा/डाला/चोपन/सोनभद्र-
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रविवार को जनपद के शिवालयों में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर की पहली किरण के साथ ही मंदिरों में शिवभक्तों का तांता लग गया, जो देखते ही देखते लंबी कतारों में तब्दील हो गया। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। ओबरा नगर के प्रतिष्ठित बाबा भूतेश्वर दरबार, डाला शिव पार्वती अमर डम-डम गुफा, और गोठानी सोमनाथ मंदिर, चोपन कैलाश मंदिर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। इसके साथ ही नर्वदेश्वर महादेव मंदिर, श्री रामेश्वर महादेव मंदिर, काली मंदिर और दुर्गा मंदिर में भी भक्तों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
.jpg)
जुगैल थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोन नद के तट पर विराजमान अतिप्राचीन बाबा शोभनाथ मंदिर में आस्था का विशेष केंद्र रहा। गुप्त काशी के नाम से विख्यात इस ऐतिहासिक मंदिर में दर्शन के लिए जनपद के कोने-कोने से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। दर्शन-पूजन के पश्चात श्रद्धालुओं ने सपरिवार मेले का लुत्फ उठाया। गोठानी मेले की प्रसिद्ध गुड़हिया जलेबी का स्वाद चखना श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ओबरा और डाला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में कोई व्यवधान न आए।

मेला क्षेत्र और मंदिर परिसरों में मंदिर कमेटियों के साथ समन्वय बनाकर पुलिस प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित किया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग और वॉलंटियर्स की टीम लगातार सक्रिय रही। महाशिवरात्रि का यह पर्व न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि गोठानी जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर लगे मेलों ने सामाजिक एकजुटता की भी मिसाल पेश की। मंदिर कमेटियों द्वारा पेयजल और कतार प्रबंधन की व्यवस्था की श्रद्धालुओं ने सराहना की।

Comments