500 मीटर पीछा, झपटमार बेनकाब: त्वरित खुलासे पर खजनी के अपराध निरीक्षक दीनानाथ सरोज को SSP का प्रशस्ति पत्र
महिला से सोने की बाली झपटने की वारदात का तेजी से खुलासा, तकनीकी साक्ष्यों और सतर्क पुलिसिंग
रिपोर्ट-रामअशीष तिवारी ( खजनी तहसील )
ख़जनी /गोरखपुर। खजनी थाना क्षेत्र में महिला से सोने की कान की बाली झपटने की वारदात का त्वरित खुलासा करने पर अपराध निरीक्षक दीनानाथ सरोज को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ (आईपीएस) ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सूझबूझ और तकनीकी जांच के दम पर घटना का सफल अनावरण होने पर यह सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से खजनी पुलिस का मनोबल बढ़ा है।
महुआडाबर चौकी क्षेत्र के कंदराई के पास मीना देवी पासवान, पत्नी दिलीप कुमार, निवासी हरिजनपुर थाना उरुवा बाजार, अपने पति के साथ प्लेटिना बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान सुबह करीब 10:30 बजे काली पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाशों ने महिला के कान से करीब एक ग्राम सोने की बाली झपट ली और फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी दीनानाथ सरोज पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर संदिग्ध वाहन बरामद कर लिया। इसके बाद थाना खजनी में मुकदमा संख्या 219/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन तथा पीड़िता एवं उसके पति की पहचान के आधार पर स्थानीय निवासी अमित चौरसिया, राजू प्रजापति और किशन चौरसिया को हिरासत में लिया। भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के समुचित संकलन के बाद पुलिस ने घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया।
कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता की हुई सराहना
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने प्रशस्ति पत्र में अपराध निरीक्षक दीनानाथ सरोज की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता, व्यावसायिक दक्षता, सूझबूझ और प्रभावी नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि जिस तत्परता और जिम्मेदारी के साथ घटना का खुलासा किया गया, वह पूरे पुलिस बल के लिए प्रेरणादायक है।
एसएसपी ने विश्वास जताया कि अपराध निरीक्षक दीनानाथ सरोज भविष्य में भी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण तथा अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के मार्गदर्शन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। इस सम्मान से पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है और बेहतर पुलिसिंग के प्रति अधिकारियों व कर्मचारियों का उत्साह भी बढ़ा है।


Comments