फीचर्ड
डॉ दिवाकर राय को राष्ट्रवाक्-2026 में जयशंकर प्रसाद स्मृति साहित्य सम्मान
यह सम्मान स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न प्रसंगों पर उच्च कोटि के नाटक लेखन के लिए दिया गया
बेतिया। चंपारण के लाल और नाटक के क्षेत्र में अपनी राष्ट्रीय पहचान बनाने वाले साहित्यकार डॉ दिवाकर राय को देशबंधु कॉलेज, दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय साहित्य सम्मेलन 'राष्ट्रवाक्- 2026' में जयशंकर प्रसाद स्मृति साहित्य सम्मान से सम्मानित किया गया है। प्रज्ञा प्रवाह के अखिल भारतीय संयोजक डॉ जे. नंदकुमार तथा डंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो के. जी. सुरेश ने संयुक्त रूप से अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न तथा सम्मान पत्र प्रदान कर डॉ राय को सम्मानित किया। इन्हें यह सम्मान स्वतंत्रता आंदोलन के विभिन्न प्रसंगों पर उच्च कोटि के नाटक लेखन के लिए दिया गया।
इस कार्यक्रम में पूरे देश से साहित्य और कला के क्षेत्र में काम करने वाले पाँच श्रेष्ठ लोगों को विभिन्न सम्मानों से सम्मानित किया गया हैं। ज्ञातव्य है कि राष्ट्रवाक्-2026 एक राष्ट्रीय साहित्यिक विमर्श का कार्यक्रम है। इसका आयोजन सनातन लाइफ स्टाइल फाउंडेशन द्वारा दिल्ली के देशबंधु कॉलेज में किया था, जिसमें राष्ट्रीय परिप्रेक्ष्य में साहित्यिक विमर्श, राष्ट्रीय स्तर की साहित्यिक उपलब्धियों के लिए पाँच सम्मान तथा भव्य राष्ट्रीय कवि-सम्मेलन के अलग-अलग सत्र थे। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा राष्ट्रवाक् पत्रिका के नूतन अंक का लोकार्पण भी किया गया। इसमें अंतिम सत्र में एक शानदार राष्ट्रीय कवि सम्मेलन भी आयोजित हुआ, जिसमें पूरे देश के ओज-तेज के प्रमुख युवा कवि शामिल हुए।डॉ दिवाकर राय की यह उपलब्धि चमपारण के लिए एक बड़े गौरव की बात है। डॉ राय ने नाटक लेखन के क्षेत्र में अपनी एक राष्ट्रीय पहचान बनायी है।
अबतक उनकी आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें सात नाटक ही है। उनके नाटकों में भारत की अस्मिता, स्वाभिमान तथा स्वतंत्रता आंदोलन के विविध प्रसंगों को बहुत ही प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है। अभी हाल ही में चंपारण सत्याग्रह के स्थानीय नायक पंडित राजकुमार शुक्ल के जीवन-संघर्षों पर आधारित उनके एक चर्चित नाटक 'नील नायक' का लोकार्पण बेतिया में हुआ था। डॉ राय को अपनी एकांकी के लिए विश्व हिन्दी सचिवालय, मॉरिशस द्वारा अन्तरराष्ट्रीय हिन्दी एकांकी लेखन प्रतियोगिता में द्वितीय पुरस्कार भी मिल चुका है। इसके अतिरिक्त विभिन्न संस्थानों द्वारा उन्होंने लगभग डेढ़ दर्जन पुरस्कार मिल चुके हैं।
जयशंकर प्रसाद स्मृति साहित्य सम्मान मिलने पर चंपारण के साहित्यिक समाज में हर्ष का माहौल है। डॉ राय को लगातार बधाइयां मिल रही हैं। बधाइयां देने वालों में डॉ जयकांत सिंह 'जय', डॉ ज्ञानदेव मणि त्रिपाठी, डॉ सतीश कुमार राय, प्रसाद रत्नेश्वर, प्रो शैल कुमारी वर्मा, पंडित चतुर्भुज मिश्र, साकेत बिहारी शर्मा 'मंत्र मुदित', अंजनी कुमार सिन्हा, नंद कुमार मिश्र, अरुण गोपाल, सुरेश गुप्त, डॉ जगमोहन कुमार, डॉ कुमार अनुभव, डॉ सुरेन्द्र कुमार, कुंदन कुमार शांडिल्य, मनोज कुमार, प्रशांत सौरभ, चन्द्रिका राम, जयकिशोर 'जय', ललन पाण्डेय लहरी, श्वेता कुमारी चौबे, सुषमा शर्मा, आशिष कुमार शर्मा, अनुराग मिश्र आदि प्रमुख हैं।


Comments