निजी अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

महिला की मौत के बाद परिजनों ने मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

सिद्धार्थनगर। जनपद मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और मनमानी तरीके से धन वसूली करने का गंभीर आरोप सामने आया है। महिला मरीज की मौत के बाद परिजनों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
 
मिली जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद सिद्धार्थनगर के भगत सिंह नगर निवासी रितेश पुत्र कन्हैयालाल ने आरोप लगाया है कि उनकी माता प्रभावती देवी को उपचार के लिए जिला मुख्यालय क्षेत्र स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि उपचार के दौरान मरीज को आईसीयू में रखा गया, लेकिन हालत गंभीर होने के बावजूद उचित देखभाल नहीं की गई।
 
पीड़ित परिवार के आरोप के अनुसार अस्पताल में कार्यरत चिकित्सकों और कर्मचारियों द्वारा इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई तथा मरीज की स्थिति बिगड़ने पर उन्हें घर भेज दिया गया। परिजनों का यह भी कहना है कि डिस्चार्ज के समय आवश्यक दवाओं को लेकर पर्याप्त जानकारी नहीं दी गई, जिसके बाद मरीज की तबीयत दोबारा बिगड़ गई।
 
आरोप है कि हालत गंभीर होने पर महिला को पुनः अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ समय बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित पक्ष ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, संबंधित जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने तथा निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है।
 
हालांकि, मामले में अस्पताल प्रबंधन अथवा संबंधित चिकित्सकों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद एक बार फिर जिले में संचालित निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

About The Author

Post Comments

Comments

नवीनतम समाचार