नवीनतम
मेजा के पांती गांव में 14 वर्षीय समीर की संदिग्ध मौत, एक युवक हिरासत में।
मेजा थाना क्षेत्र के पांती गांव में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के समीप एक किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
स्वतंत्र प्रभात।
मेजा/प्रयागराज।
मेजा थाना क्षेत्र के पांती गांव में मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक के समीप एक किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार पांती गांव निवासी 14 वर्षीय समीर कुमार पुत्र राजाराम का शव गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। सुबह जब स्थानीय लोग उधर से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
घटना की सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त मेजा एसपी उपाध्याय, थाना प्रभारी दीनदयाल सिंह तथा मेजारोड चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौके की जांच के दौरान पुलिस ने कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पड़ताल की।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि समीर की हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया है ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके। परिजनों का कहना है कि समीर का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह घर का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने परिवार की आशंका के आधार पर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
सनसनी प्रयागराज रेलवे ट्रैक हत्या की आशंका पोस्टमार्टम प्रयागराज समाचार पुलिस जांच प्रयागराज पुलिस किशोर की मौत प्रयागराज अपराध ग्रामीणों की भीड़ पुलिस पूछताछ मेजा पांती गांव किशोर शव बरामद समीर कुमार मेजा थाना एसीपी मेजा एसपी उपाध्याय दीनदयाल सिंह संदिग्ध युवक हिरासत में रेलवे ट्रैक किनारे शव हत्या या हादसा पांती गांव घटना मेजा रोड चौकी


Comments