जनसुनवाई में जिला पदाधिकारी ने सुनीं 71 फरियादें, कई मामलों का हुआ ऑन द स्पॉट समाधान
सबका सम्मान-जीवन आसान" अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया
स्वतंत्र प्रभात | संवाददाता अतुल कुमार
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
बेतिया। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय में दिनांक 18 मई, सोमवार को आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी तरनजोत सिंह ने आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी शिकायतें सीधे प्रशासन के समक्ष रखीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 71 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें भूमि विवाद, राजस्व संबंधी समस्याएं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली आपूर्ति, पेयजल संकट, सड़क निर्माण एवं मरम्मत तथा राशन कार्ड से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक मामले की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। कई मामलों में जिलाधिकारी के हस्तक्षेप से मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जिससे फरियादियों को तत्काल राहत मिली। जनसुनवाई में रामबाबू प्रसाद, काशी राम, रमेश चौधरी, मकसूद आलम, गुड्डू कुमार, आशीष तिवारी, आँचल कुमारी, रानी देवी, सौरभ वाजपेयी, विनोद साह, बिहारी शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
यह जनसुनवाई कार्यक्रम सात निश्चय-3 के तहत संचालित "सबका सम्मान-जीवन आसान" अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया। प्रशासन का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन कर उन्हें बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी अनिल कुमार सिन्हा, वरीय उप समाहर्ता रोचना माद्री, नगमा तबस्सुम, अहमद अली अंसारी, ज्योति रानी, पीजीआरओ बेतिया मासूम अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Comments