दाउदपुर में ट्रक-ऑटो की भीषण भिड़ंत में चालक समेत तीन की मौत

एनएच-531 पर सोनिया पुल के समीप हादसा, ऑटो चालक कुणाल की पहचान; दो अन्य की नहीं हो सकी शिनाख्त 

BIHAR SWATANTRA PRABHAT Picture
Published On

स्वतंत्र प्रभात | बिहार से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश

 

छपरा/एकमा (सारण)। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर दाउदपुर थाना क्षेत्र में पूरब सोनिया पुल के समीप गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। मृतकों में एक की पहचान हो गई है, जबकि दो अन्य की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह करीब पांच बजे ऑटो चालक समेत तीन लोग छपरा की ओर से एकमा आ रहे थे। इसी दौरान एकमा की तरफ से छपरा जा रही तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए।

घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल तीनों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा पहुंचाया। इनमें एक घायल की मौत अस्पताल लाए जाने के दौरान हो गई, जबकि प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर किए गए दो अन्य घायलों ने वहां पहुंचने पर दम तोड़ दिया। मृतकों में एक की पहचान तरैया थाना क्षेत्र के संग्रामपुर गांव निवासी बलीराम सिंह के 22 वर्षीय पुत्र कुणाल कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो ऑटो चालक बताया जाता है। अन्य दो मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो में कुछ वाद्य यंत्र भी रखे थे। इससे आशंका जताई जा रही है कि ऑटो सवार लोग नाच-गाने से जुड़े कलाकार हो सकते हैं। दुर्घटना के बावजूद सीएनजी चालित ऑटो में विस्फोट नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को जब्त कर लिया है तथा हादसे के कारणों की जांच और शेष अन्य दो मृतकों की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।

90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत हजारीबाग में लगे शिविर Read More 90 दिवसीय विधिक जागरूकता अभियान के तहत हजारीबाग में लगे शिविर

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें