जल आपूर्ति व्यवस्था को मिली नई मजबूती, दो ओवरहेड टैंकों का लोकार्पण

पेयजल पहुंचाने की दिशा में नगर निगम का बड़ा कदम

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

प्रयागराज । नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा शहर की पेयजल व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए वार्ड संख्या-44 स्थित कर्बला ओवरहेड टैंक तथा वार्ड संख्या-74 भावापुर ओवरहेड टैंक के जीर्णोद्धार कार्य पूर्ण होने के उपरांत उनका विधिवत लोकार्पण किया गया। इस पहल से संबंधित क्षेत्रों के हजारों नागरिकों को अब बेहतर, स्वच्छ एवं निर्बाध पेयजल आपूर्ति का लाभ मिलेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने फीता काटकर दोनों ओवरहेड टैंकों का शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों को उन्नत जलापूर्ति व्यवस्था की सौगात दी। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद दिग्विजय कुशवाहा, जहाँ आरा, मो० आज़म, विजय सिंह, अपूर्व चंद्रा, आशीष द्विवेदी, विनय मिश्रा, मुकेश लारा, भोला तिवारी सहित जलकल विभाग के महाप्रबंधक कुमार गौरव, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

नगर निगम के जलकल विभाग द्वारा किए गए जीर्णोद्धार कार्य के अंतर्गत दोनों ओवरहेड टैंकों की संरचनात्मक मरम्मत, जल भंडारण क्षमता को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने के लिए तकनीकी सुधार, पाइपलाइन नेटवर्क का पुनर्सुधार तथा आवश्यक उपकरणों का नवीनीकरण किया गया। लंबे समय से उपयोग में रहे इन टैंकों की मरम्मत के बाद अब संबंधित इलाकों में जलापूर्ति अधिक नियमित, प्रभावी और सुचारु रूप से हो सकेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने कहा कि नगर निगम प्रयागराज शहर की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है और हर नागरिक तक बेहतर जल सुविधा पहुंचाना प्रशासन का उद्देश्य है।

महापौर ने कहा कि प्रयागराज को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए जल संरचनाओं के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों में पुराने जलस्रोतों, ओवरहेड टैंकों एवं पाइपलाइन नेटवर्क के सुधार और पुनर्निर्माण का कार्य चरणबद्ध तरीके से कराया जा रहा है, जिससे भविष्य में जल संकट जैसी समस्याओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

About The Author

Post Comments

Comments