नवीनतम
अररिया में शराब तस्करी नाकाम: सफारी से 126 लीटर बीयर बरामद, दो गिरफ्तार
न्यायालय में पेश, अभियान जारी रहेगा
बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच तस्कर नये-नये तरीके अपना रहे हैं, लेकिन अररिया मद्यनिषेध विभाग ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. जिला पदाधिकारी के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई में सफारी स्टॉर्म गाड़ी से 126 लीटर विदेशी बीयर जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है.
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल
जिला उत्पाद अधीक्षक निरंजन कुमार झा को गुप्त सूचना मिली कि उजले रंग की सफारी से शराब की बड़ी खेप अररिया-पूर्णिया फोरलेन से पूर्णिया ले जाई जा रही है. तुरंत कार्रवाई करते हुए अनि पूजा कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम में अनि रंजीत कुमार, मद्य निषेध सिपाही व गृहरक्षक बल के जवान शामिल थे
सुबह 05:15 बजे फिल्मी अंदाज में धरपकड़
टीम ने सुबह 04:40 बजे ही महलगांव थाना क्षेत्र के करयात पुलिस कैंप के पास फोरलेन पर मोर्चा संभाल लिया. करीब 05:15 बजे अररिया की ओर से आती संदिग्ध सफारी दिखी. पुलिस को देख चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर गाड़ी को रोक लिया. पूछताछ में दोनों तस्कर ने कबूला कि गाड़ी में शराब लदी है. गिरफ्तार तस्कर वैशाली जिला के गौरौल थाना क्षेत्र के मथना मिलिक वार्ड संख्या 08 निवासी सह चालक मो सज्जाद व पूर्णिया जिला के कसबा थाना अंतर्गत गढ़बनैली वार्ड संख्या 02 निवासी सह तस्कर अमन कुमार शामिल है
252 बोतल बीयर बरामद, बंगाल से लाई गई थी खेप
चार चक्का वाहन की डिक्की व पिछली सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 500 एमएल की 252 बोतलें बीयर की बरामद हुईं. कुल 126 लीटर शराब जब्त की गई. सभी बोतलों पर फोर सेल इन वेस्ट बंगाल लिखा था. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बीयर को पश्चिम बंगाल व किशनगंज बॉर्डर एनएच पर लोड किया गया था व पूर्णिया के गढ़बनैली ले जाया जा रहा था
न्यायालय में पेश, अभियान जारी रहेगा
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि उत्पाद थाना, अररिया में वाहन के साथ शराब व दोनों तस्कर को लाया गया. जब्ती सूची बनाकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध व उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है. उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्रवाई जारी रहेगी।


Comments