एक जनपद एक उत्पाद योजना के अन्तर्गत प्रशिक्षित लाभार्थियों को टूलकिट वितरित
युवाओं को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में प्रेरित कर रही है सरकार की योजनाएं- एमएलसी
अम्बेडकरनगर।
आज कलेक्ट्रेट सभागार में “एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना” के अंतर्गत प्रशिक्षित 400 लाभार्थियों को टूलकिट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य हरिओम पाण्डेय एवं माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर वर्मा (साधू वर्मा) के कर-कमलों द्वारा लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा 5 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से टूलकिट प्रदान की गई, जबकि शेष लाभार्थियों को जिला विकास अधिकारी की देखरेख में जिला उद्योग केन्द्र परिसर में टूलकिट वितरित की गई।
इस अवसर पर सदस्य विधान परिषद हरिओम पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप “एक जनपद एक उत्पाद योजना” युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रही है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को प्रशिक्षण के साथ-साथ आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। तदोपरान्त लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की।
जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को किया प्रोत्साहित
जिलाधिकारी ने लाभार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे मुख्यमंत्री युवा योजना सहित अन्य स्वरोजगारपरक योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्राप्त करें तथा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई टूलकिट का बेहतर उपयोग करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा मुख्यमंत्री युवा योजना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए युवाओं को योजना से जुड़ने हेतु प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों द्वारा अपनी सफलता की कहानियां भी साझा की गईं। लाभार्थी शिवांगी वर्मा, ललिता देवी एवं रोशनी वर्मा ने “एक जनपद एक उत्पाद योजना” के अंतर्गत प्राप्त प्रशिक्षण एवं टूलकिट पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से उन्हें व्यावसायिक दक्षता प्राप्त हुई है तथा उपलब्ध कराई गई टूलकिट के माध्यम से वे स्वरोजगार स्थापित कर अपने कार्य को आगे बढ़ाएंगी।
360 लाभार्थियों को ट्रेड के अनुसार दिया गया टूलकिट
उपायुक्त उद्योग ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यालय जिला उद्योग केन्द्र के माध्यम से लगभग 360 लाभार्थियों को उनके ट्रेड से संबंधित टूलकिट उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि जो लाभार्थी किसी कारणवश उपस्थित नहीं हो सके हैं, वे किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय से संपर्क कर अपनी टूलकिट प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। प्रशिक्षण अवधि में आवागमन हेतु प्रत्येक लाभार्थी को ₹2000 की प्रोत्साहन राशि भी उपलब्ध कराई गई है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के उपरांत आज लाभार्थियों को स्वरोजगार हेतु आवश्यक टूलकिट प्रदान की जा रही है।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी, जिला उद्योग केन्द्र के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, मीडिया प्रतिनिधि सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी महोदया द्वारा सभी लाभार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


Comments