भीमनगर में अवैध मुद्रा विनिमय रैकेट का भंडाफोड़, 23 लाख से अधिक की नेपाली व भारतीय मुद्रा बरामद
किराना दुकानों में चल रहा था अवैध मुद्रा विनिमय का खेल, लाखों रुपये जब्त
स्वतंत्र प्रभात | बिहार से संवाददाता की रिपोर्ट
प्रकाशक – जितेंद्र कुमार राजेश
सुपौल। सीमावर्ती क्षेत्र में अवैध वित्तीय गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपौल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भीमनगर थाना क्षेत्र में अवैध नेपाली एवं भारतीय मुद्रा विनिमय रैकेट का खुलासा करते हुए पुलिस ने लाखों रुपये की नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 6 मई 2026 को भीमनगर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ दुकानों में नेपाली और भारतीय मुद्रा का अवैध विनिमय किया जा रहा है। सूचना के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सुपौल के निर्देश पर अनुमंडल दंडाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीरपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
गठित टीम ने सहर्षा चौक स्थित चंदन किराना दुकान और उदय किराना स्टोर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 10 लाख 34 हजार 230 नेपाली मुद्रा तथा 13 लाख 65 हजार 50 भारतीय रुपये बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि बरामद नेपाली और भारतीय मुद्रा के स्रोत तथा लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। मामले में भीमनगर थाना में कांड दर्ज कर संलिप्त व्यक्तियों की पहचान एवं अवैध गतिविधियों के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
छापेमारी दल में पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।


Comments