नदौल रेलवे स्टेशन पर छिनतई की साजिश नाकाम, हथियार के साथ दो गिरफ्तार
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर छापेमारी कर पुलिस ने दबोचा एक देशी कट्टा, कारतूस, नकदी और मोबाइल बरामद गिरफ्तार आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई आपराधिक मामले
मसौढ़ी। नदौल रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेन में छिनतई की योजना बना रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी प्लेटफॉर्म पर वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें हथियार और कारतूस के साथ दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि नदौल रेलवे स्टेशन पर कुछ अपराधी ट्रेन में छिनतई की घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर छापेमारी की। इस दौरान दो युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान (27 वर्ष) एवं (31 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों मसौढ़ी थाना क्षेत्र के बैरमचक गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
तलाशी के दौरान पिन्टु बिन्द के पास से एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 8000 रुपये नकद एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं जय प्रकाश कुमार के पास से 1500 रुपये नकद और एक पर्स बरामद हुआ।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि पिन्टु बिन्द का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जहानाबाद रेल थाना में चोरी, छिनतई एवं आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य थानों से भी उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से रेलवे स्टेशन एवं आसपास के इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।


Comments