नवीनतम
राजनीति
गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा: दो प्रतियोगी छात्र डूबे, एक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी।
शहर के शिवकुटी क्षेत्र स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट पर शनिवार देर शाम गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
प्रयागराज। शहर के शिवकुटी क्षेत्र स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट पर शनिवार देर शाम गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दोस्तों के साथ स्नान करने पहुंचे दो प्रतियोगी छात्र गंगा की तेज धारा में डूब गए। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और साथियों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक और लापता छात्रों की पहचान लखीमपुर खीरी निवासी अधीर रंजन सिंह और हिमांशु पाण्डेय के रूप में हुई है। दोनों प्रयागराज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। शनिवार शाम वे अपने दोस्तों के साथ कोटेश्वर महादेव मंदिर के सामने घाट पर स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर दोनों असंतुलित हो गए और देखते ही देखते नदी में डूब गए।
घटना के समय मौजूद उनके साथियों ने तत्काल उन्हें बचाने का प्रयास किया और मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन गंगा का तेज बहाव उनके प्रयासों पर भारी पड़ गया। कुछ ही क्षणों में दोनों छात्र पानी में समा गए और नजरों से ओझल हो गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। शनिवार देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन अंधेरा और तेज धारा के कारण कोई सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद रविवार सुबह दोबारा अभियान शुरू किया गया।
गोताखोरों ने तलाश के दौरान कुछ ही देर में एक छात्र का शव बरामद कर लिया, जिसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि दूसरे छात्र की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस और जल पुलिस की टीम लगातार गंगा में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
इस हादसे की खबर मिलते ही दोनों छात्रों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने और चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
लखीमपुर खीरी प्रयागराज सुरक्षा व्यवस्था शोक की लहर प्रयागराज समाचार स्थानीय पुलिस प्रशासन से मांग नदी हादसा शिवकुटी कोटेश्वर महादेव मंदिर घाट गंगा स्नान हादसा गंगा में डूबना प्रतियोगी छात्र अधीर रंजन सिंह हिमांशु पाण्डेय गंगा नदी तेज धारा जल पुलिस गोताखोर टीम सर्च ऑपरेशन छात्र मृत्यु लापता छात्र पोस्टमॉर्टम घाट सुरक्षा गंगा घाट सुरक्षा नदी दुर्घटना डूबने की घटना


Comments