नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सोनांचल कप 2026 प्रयागराज ने वाराणसी को 5 विकेट से हराकर जीता खिताब, आशीष रत्नम चमके
23वां सोनांचल कप 2026 न केवल मनोरंजन का केंद्र बना, बल्कि इसने स्थानीय युवाओं के लिए खुला सफलता का नया द्वार
ब्यूरो रिपोर्ट
ओबरा /सोनभद्र-
खेल और रोमांच के प्रतीक 23वें सोनांचल कप क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 का भव्य समापन स्थानीय गांधी मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन न केवल क्रिकेट के प्रति जुनून को दर्शाने वाला रहा, बल्कि स्थानीय युवा प्रतिभाओं के लिए अपनी क्षमता दिखाने का एक सशक्त मंच भी साबित हुआ। प्रतियोगिता के समापन सत्र का आगाज एक भावुक पल के साथ हुआ। नाइन स्टार ओबरा के पूर्व कप्तान स्व. राजेश यादव की स्मृति में खिलाड़ियों और दर्शकों ने 2 मिनट का मौन रखकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
Read More अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस । NDTV की कलाकारों ने गीव टूगेन के साथ महिला की हर भूमिका का किया सम्मान।इस गरिमामयी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रोहित वैश्य उपस्थित रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, रमेश सिंह, मधुसूदन जायसवाल, अमित कुमार, रमेश सिंह यादव, उमाशंकर सिंह और अरुण प्रजापति ने शिरकत की। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। सोनांचल कप के अध्यक्ष व मुख्य संरक्षक रमेश वैश्य (सक्रिय समाजसेवक) और रमेश कुमार सिंह की देखरेख में इस पूरी प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

मुख्य अतिथि रोहित वैश्य ने अपने संबोधन में खेल भावना की महत्ता पर जोर देते हुए सभी का स्वागत किया। खिताब के लिए अंतिम भिड़ंत प्रयागराज और सायना स्पोर्ट्स वाराणसी के बीच हुई।प्रयागराज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 25 ओवरों में सायना स्पोर्ट्स वाराणसी ने 7 विकेट खोकर 184 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया।
वाराणसी की ओर से सुधीर सिंह ने सर्वाधिक 39 रन (28 गेंद) और विवेक सिंह ने 38 रनों का योगदान दिया। प्रयागराज की तरफ से मनु राजा सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 2 विकेट चटकाए।लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। आशीष रत्नम की 91 रनों की नाबाद पारी और यादवेन्द्र सिंह के सहयोग से प्रयागराज ने 24 ओवरों में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और 5 विकेट से खिताबी जीत दर्ज की।मैच के बाद खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
मैन ऑफ द सीरीज आशीष रत्नम (प्रयागराज)
मैन ऑफ द मैच आशीष रत्नम प्रतियोगिता के निर्णायक (अंपायर) की भूमिका प्रदीप शर्मा व सोनू राय ने निभाई, जबकि स्कोरर के रूप में के.के. पासवान (छोटू) और अक्षय पटेल ने जिम्मेदारी संभाली। इस भव्य आयोजन के सफल संचालन का श्रेय संकट मोचन झा और राजू यादव को जाता है, जिन्होंने अपनी कुशल प्रबंधन क्षमता से पूरे टूर्नामेंट को सुचारू रूप से चलाया। नाइन स्टार क्रिकेट क्लब ओबरा ने इस आयोजन के माध्यम से खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जैसवाल, रमेश वर्मा, नीरज भाटिया, संतोष राय, अनिल सिंह, दीपक केशरी, उमेश सिंह पटेल समेत सैकड़ों खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। 23वां सोनांचल कप 2026 न केवल मनोरंजन का केंद्र बना, बल्कि इसने स्थानीय युवाओं के लिए सफलता के नए द्वार खोले हैं। आशा है कि आगामी वर्षों में यह प्रतियोगिता ओबरा के खेल इतिहास में नए आयाम स्थापित करेगी।

Comments