कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना 2027 की तैयारियों पर अहम बैठक

7 मई से शुरू होगा प्रथम चरण

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

अमेठी। जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजय चौहान की अध्यक्षता में  कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना के प्रथम चरण, व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण में मकानों की गणना (हाउस लिस्टिंग) की जाएगी, जो दिनांक 7 मई से 21 मई 2026 तक संचालित होगी। इसके पश्चात 22 मई से 20 जून तक हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन का विस्तृत कार्य संपन्न किया जाएगा।
 
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अर्पित गुप्ता ने स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस बार जनगणना में डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा दिया गया है। नागरिक स्वयं पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे डेटा संग्रहण अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी होगा। उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए पोर्टल बहुभाषीय, सुरक्षित एवं उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाया गया है, जिसमें मोबाइल नंबर के माध्यम से लॉगिन, ओटीपी सत्यापन, पता दर्ज करना, मानचित्र पर लोकेशन चिन्हित करना तथा प्रश्नावली भरकर SE ID प्राप्त करना शामिल है।
 
उन्होंने यह भी बताया कि स्व-गणना से फील्ड कर्मचारियों का कार्यभार कम होगा तथा डेटा की गुणवत्ता बेहतर होगी, क्योंकि जानकारी सीधे नागरिकों द्वारा भरी जाएगी। इसके अतिरिक्त यह प्रक्रिया 24×7 उपलब्ध रहेगी, जिससे व्यस्त एवं प्रवासी परिवारों को भी सुविधा मिलेगी। जनगणना की तैयारी के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मास्टर ट्रेनर, सुपरवाइजर, प्रगणक एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को शामिल किया गया है। साथ ही जनजागरूकता हेतु मीडिया, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं विभिन्न विभागों के माध्यम से अभियान चलाया जाएगा।
 
बैठक में यह भी बताया गया कि स्व-गणना को बढ़ावा देने के लिए दिवसवार कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके तहत अलग-अलग दिनों में प्रशासन, पंचायत, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, महिला समूह एवं अन्य वर्गों को जोड़कर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर , पंचायत भवन एवं शहरी वार्ड कार्यालयों में सहायता केंद्र स्थापित कर नागरिकों को सहयोग प्रदान किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को गंभीरता से लेते हुए समन्वय के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी क्षेत्र या परिवार छूटने न पाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, जिला विकास अधिकारी वीरभानु सिंह, डीईएसटीओ पन्नालाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author

Post Comments

Comments