नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
भारत
नैनी सेंट्रल जेल के सामने ट्रक की टक्कर से प्रतियोगी छात्र की मौत,मामा गंभीर
स्वतंत्र प्रभात राहुल जायसवाल की रिपोर्ट
नैनी, प्रयागराज। नैनी क्षेत्र में बुधवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक प्रतियोगी छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके मामा गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नैनी सेंट्रल जेल के सामने उस समय हुआ जब दोनों शादी समारोह से लौट रहे थे।
शादी से लौटते समय हुआ हादसा
मेजा क्षेत्र के ऊंचडीह निवासी अमर शुक्ला (36 वर्ष), पुत्र अखिलेश शुक्ला, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। बुधवार को वह नैनी स्थित संगम विहार कॉलोनी में अपने मामा राजेश त्रिपाठी के घर शादी समारोह में शामिल होने आए थे।
रात में अमर अपने मामा के साथ बाइक से नैनी मेवालाल बगिया के पास एक निमंत्रण में गए थे। वापस लौटते समय जैसे ही दोनों नैनी सेंट्रल जेल के सामने कॉलोनी की ओर मुड़े, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
ट्रक ने अमर को कुचला, मामा दूसरी ओर गिरे।टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार
राजेश त्रिपाठी सड़क के दूसरी ओर जा गिरे, जबकि अमर शुक्ला ट्रक की चपेट में आ गए। ट्रक चालक अमर को कुचलते हुए कुछ दूरी तक वाहन ले गया और फिर ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा
घटना की सूचना मिलते ही नैनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल राजेश त्रिपाठी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं अमर शुक्ला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
परिवार में मचा कोहराम
अमर शुक्ला दो भाइयों में छोटे थे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Comments