चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती नष्ट
क़रीब 2 एकड़ फसल विनष्ट
चौपारण, हजारीबाग, झारखंड:- हजारीबाग जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हज़ारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपारण थाना क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती को नष्ट कर दिया। प्राप्त सूचना के आधार पर दिनांक 26 फरवरी 2026 को चौपारण थाना अंतर्गत देहर पंचायत के खेरीगाड़ा जंगल क्षेत्र में वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर करीब 02 एकड़ भूमि में अवैध रूप से लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
घटनास्थल से 4 डिलीवरी पाइप बरामद किए गए। पुलिस द्वारा अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले व्यक्तियों के नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कांड दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में अग्रेतर कार्रवाई जारी है। इस संयुक्त अभियान में अजित कुमार बिमल एसडीपीओ बरही, एसआई सुबिंदर राम, एसआई दिव्य प्रकाश, सशस्त्र बल के जवान, बनपाल सरवन कुमार, जैनेन्द्र कुमार शामिल रहें।
पुलिस ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से दुर्गम इलाकों की पहचान कर अवैध फसल को चिन्हित किया जा रहा है, जिससे कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सके। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती एवं तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments