घर से 500 मीटर दूर सड़क किनारे, पुलिया के बगल झाड़ियों में मिला युवक का शव

परिजनों ने चार आरोपियों के खिलाफ दी नामजद तहरीर, तहरीर के आधार पर पुलिस ने दर्ज किया एफआईआर 

Swatantra Prabhat UP Picture
Published On

शुकुल बाजार,अमेठी। जनपद के शुकुल बाजार कस्बे में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का खून से लथपथ शव घर से महज करीब 500 मीटर दूर सड़क किनारे पुलिया के बगल झाड़ियों में बरामद हुआ। घटना बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के रहमतगढ़ पुलिया, इंटर कॉलेज रोड स्थित भारत गैस एजेंसी के पास की है। वारदात के बाद पूरे कस्बे में दहशत  का माहौल  है।मृतक की पहचान शाहिद पुत्र शरीफ, उम्र लगभग 23 वर्ष निवासी शुकुल बाजार के रूप में हुई है।
 
परिजनों के अनुसार शाहिद सोमवार देर रात घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। रातभर परिजन उसकी तलाश करते रहे। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे झाड़ियों में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। घटनास्थल के निरीक्षण के दौरान युवक के गले और चेहरे पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान पाए गए। गले पर गंभीर कट के निशान से स्पष्ट है कि हमलावरों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया।
 
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य एकत्रित किया जा रहा हैं।आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और हालिया संपर्कों की जांच की जा रही है।मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों के तहरीर के आधार पर एफआईआर पंजीकृत करते हुएपंजीकृत अभियोग में नामजद चारों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है तथा उनसे पूछताछ की जा रही है।
 
इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद मृतक के परिजनों में  आक्रोश है उन्होंने दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे प्रकरण का विधिक खुलासा किया जाएगा।

About The Author

Post Comments

Comments

संबंधित खबरें