नवीनतम
फीचर्ड
राजनीति
सड़क हादसे में नाना-नवासे की मौत
प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर रोडवेज बस ने बाइक को मारी टक्कर
सुल्तानपुर - बुधवार दोपहर प्रयागराज-अयोध्या हाइवे पर हुए एक सड़क हादसे में नाना और उनके नवासे की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही जान चली गई। स्थानीय लोग उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह घटना कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अहिमाने बाजार के पास हुई। तिवारीपुर निवासी अरविंद श्रीवास्तव अपने नवासे श्रेयांस श्रीवास्तव उर्फ चाहत के साथ अहिमाने बाजार जा रहे थे। श्रेयांस अमेठी जिले के पूरे लाला राम प्रसाद के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, जब वे दोनों हाइवे पर प्राइमरी स्कूल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें एक निजी वाहन से राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन इमरजेंसी में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली देहात के एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments