नुकीले बिखरे स्टोन मेटल रोड पर आवागमन में होती है अत्यधिक कठिनाई : पूर्व मुखिया सखावत अली
पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड :- पाकुड़िया प्रखण्ड अंतर्गत खाकसा पंचायत के मलिकपुर ग्राम की सड़क विगत कई वर्षों से ध्वस्त व जीर्ण रहने से लोगों के आवागमन में बड़ी कठिनाई होती रही है। उक्त जर्जर स्टोन मेटल पथ की महत्ता के संदर्भ में तेज-तर्रार पूर्व मुखिया ने बताया कि उक्त रोड से पलियादह, दोमुहानी, मलिकपुर, शिवरात, खजूरचुंआ ग्राम के अलावा सीमावर्ती राज्य बंगाल से भी लोग अपने निकट संबंधियों के यहाँ आते-जाते रहे हैं।
सड़क वर्षों से ध्वस्त रहने एवं उस पर बिखरे नुकीले स्टोन मेटल के कारण साइकिल व बाइक चलाना जोखिम भरा है। नंगे पाँव चलने में पैरों के कटने का डर बना रहता है। वर्षा के मौसम में मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। सखावत ने बताया कि लोग इसी रोड से रामपुरहाट बाजार जाकर सब्जियां तथा अन्य सामानों की खरीदारी करते रहे हैं। वहीं रामपुरहाट अस्पताल, बाजार और ट्रेन सेवा की सुविधा हेतु भी लोगों का आवागमन इसी पथ से होता है।
उन्होंने कहा कि अच्छी सड़क बन जाने पर लोग आसानी से ऑटो-टोटो से आवागमन कर सकेंगे। पूर्व मुखिया सहित मलिकपुर ग्राम के लोगों ने विधायक प्रोफेसर स्टेफन मरांडी से आवागमन की सुविधा के लिए इस जीर्ण पथ के निर्माण की मांग की है।

Comments