सहियाओं के मानदेय पर विधानसभा में उठा सवाल, सरकार देगी एकमुश्त 24 हजार रुपये
पाकुड़िया, पाकुड़, झारखंड:- झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन सहियाओं के मानदेय का मुद्दा प्रमुखता से उठा। विधायक स्टीफन मरांडी ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि मईयां सम्मान योजना के तहत 2,500 रुपये दिए जाते हैं, जबकि स्वास्थ्य सहियाओं को मात्र 2,000 रुपये मानदेय मिलता है, जो अनुचित है। उन्होंने सहियाओं का मानदेय बढ़ाने की मांग की।
इससे पहले निर्मल महतो ने भी सहियाओं की समस्याओं को सदन में उठाते हुए कहा कि कोरोना काल में सहियाओं ने अभूतपूर्व कार्य किया है, इसके बावजूद वे अक्सर कम मानदेय को लेकर धरना देने को मजबूर रहती हैं। उन्होंने सहियाओं को कम से कम 10,000 रुपये मासिक मानदेय देने की मांग की।
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने जवाब में कहा कि राज्य में कुल 39,964 सहिया कार्यरत हैं और सरकार उनके प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि कोरोना अवधि के दौरान एक सहिया, रेनी देवी, की मृत्यु भी हुई थी। मंत्री ने कहा कि वर्तमान में एक सहिया की औसत मासिक आय लगभग 12,000 रुपये है।
अंसारी ने घोषणा की कि सरकार 8 मार्च को राज्य की 42,000 सहियाओं को एकमुश्त 24,000 रुपये प्रदान करेगी। सरकार का कहना है कि यह कदम सहियाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

Comments