टीचर बनने के बाद पति बना हैवान: शिक्षामित्र से संबंधों के शक में पत्नी को करंट लगाकर मारने का आरोप
स्कूल में पढ़ाने वाली एक शिक्षामित्र से लंबे समय से संबंध था। चेतना लगातार इस बात की जानकारी अपने मायके वालों को देती रही थी। आरोप है कि जब चेतना ने इन संबंधों...
अमेठी।
जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक प्राइमरी स्कूल के शिक्षक पर अपनी ही पत्नी की करंट लगाकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शिक्षक का अपने ही स्कूल की एक शिक्षामित्र से अवैध संबंध था और पत्नी द्वारा विरोध करने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
यह मामला गौरीगंज थाना क्षेत्र के रामदीन गांव का बताया जा रहा है। यहां की रहने वाली चेतना की शादी वर्ष 2014 में लोहरता निवासी उमाकांत शुक्ला से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद उमाकांत की नियुक्ति प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक के रूप में हो गई। परिजनों का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद से ही उमाकांत अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा था। दोनों का एक छह साल का बेटा भी है।
परिजनों के अनुसार उमाकांत का उसी स्कूल में पढ़ाने वाली एक शिक्षामित्र से लंबे समय से संबंध था। चेतना लगातार इस बात की जानकारी अपने मायके वालों को देती रही थी। आरोप है कि जब चेतना ने इन संबंधों का विरोध किया तो उमाकांत ने उसे पूरे शरीर में करंट लगाकर मौत के घाट उतार दिया।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति उमाकांत शुक्ला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी व कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Comments