कुत्ते को बचाने में पलटा ई-रिक्शा चालक समेत दो मासूम गंभीर
एंबुलेंस से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया
लालगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर गांव के पास गुरुवार को स्कूल से लौट रहे बच्चों का ई-रिक्शा अचानक पलट गया। चालक समेत दो मासूम बच्चे भी उसके नीचे दब गए। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मदुरी गांव निवासी रमनंदन (48) पुत्र राम आसरे रोज की तरह बच्चों को स्कूल से लेकर गांव छोड़ने जा रहे थे। ई-रिक्शा में कई बच्चे सवार थे। नहर पटरी की सड़क पर वाहन धीरे-धीरे बढ़ रहा था। तभी अचानक सामने एक कुत्ता आ गया। चालक ने उसे बचाने की कोशिश की।
इसी दौरान ई-रिक्शा असंतुलित हो गया। देखते ही देखते वाहन सड़क पर ही पलट गया। बच्चे घबरा गए और चीख-पुकार मच गई।ई रिक्शा के नीचे चालक रमनंदन दब गए। उनके साथ लकी (10) पुत्र सुभाष यादव और आदित्य (10) पुत्र सुनील भी फंस गए। ई रिक्शा पलटा देख कर आसपास के लोग दौड़ पड़े। राहगीरों और अन्य ग्रामीणों ने मिलकर ई-रिक्शा उठाया।
तब जाकर घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में गांव के ही रौनक, विनीत, मयंक, साक्षी, राज, नेत्रा और पूजा बाल-बाल बच गए। हालांकि घटना से बच्चे सहमे गए और कई बच्चों ने रोना शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

Comments