ग्रेटर नोएडा (दनकौर): भंडारे में आए 3 वर्षीय मासूम की तालाब में डूबकर मौत, प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल
बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा के अंतर्गत आने वाले दनकौर क्षेत्र के दलेलगढ़ गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंदिर के पास बने तालाब में गिरकर 3 वर्षीय मासूम देवांश की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, दलेलगढ़ गांव निवासी अनिल की बेटी अंजलि हाल ही में अपने मायके आई थीं। रविवार को गांव के मंदिर में भंडारे का आयोजन हो रहा था, जिसमें परिवार के सदस्य बच्चों के साथ शामिल हुए थे। इसी दौरान खेलते समय देवांश का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया।
काफी देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों को तालाब के पास बच्चे के जाने की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद बच्चे को तालाब से बाहर निकाला।
बच्चे को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि तालाब के चारों ओर न तो बाउंड्री है और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए हैं। यह तालाब वर्षों पुराना है, जिसकी न तो नियमित सफाई होती है और न ही प्रशासन द्वारा देखरेख की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते घेराबंदी की गई होती, तो यह हादसा टल सकता था।
परिवार ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। दनकौर थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल मामले को हादसा माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि परिजन या ग्रामीण कोई लिखित शिकायत देते हैं, तो मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है और तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था किए जाने की मांग उठने लगी है।

Comments