संबंधित खबरें
नवीनतम
फीचर्ड
पीएस कालिंदी कुंज पुलिस ने 18 घंटे में सुलझाया लूट का मामला
तीन आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली : कालिंदी कुंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट के एक मामले का मात्र 18 घंटे के भीतर सफल खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सैमसंग एस24 एफई मोबाइल फोन बरामद किया है, जबकि एक अन्य सह-आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार 09 फरवरी 2026 को रात लगभग 9:15 बजे पीएस कालिंदी कुंज में पीसीआर कॉल के माध्यम से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे स्थित खादर पुलिया बस स्टैंड के पास लूट की घटना की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां शिकायतकर्ता जगदीश सिंह, पुत्र लक्ष्मण सिंह, निवासी मदनपुर खादर, सरिता विहार, नई दिल्ली (आयु 42 वर्ष, एलआईसी कर्मचारी) मौजूद मिले। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर थाना कालिंदी कुंज में एफआईआर संख्या 125/2026 दिनांक 10.02.2026 धारा 309/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक जतन सिंह, एसएचओ कालिंदी कुंज के नेतृत्व और निगरानी में निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, एटीओ, एएसआई राकेश, हेड कांस्टेबल हरीश, हेड कांस्टेबल कुलश्रेष्ठ, हेड कांस्टेबल भारत तथा कांस्टेबल अभय की एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों के लगभग 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया। स्थानीय खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से चार संदिग्धों की पहचान की गई, जिनमें से तीन आरोपियों को घटना के मात्र 18 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक सह-आरोपी अभी फरार है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उन्होंने बताया कि वे आसान शिकार की तलाश में इलाके की रेकी कर रहे थे और बस स्टैंड के पास अकेले खड़े पीड़ित को देखकर उसे निशाना बनाया।
वारदात के बाद उन्होंने मोबाइल फोन छिपा दिया था, जिसे बाद में उनकी निशानदेही पर बरामद किया गया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य मामलों में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है तथा फरार सह-आरोपी नूर नवी की तलाश जारी है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलवर अली 23 वर्ष निवासी मदनपुर खादर; सोरिफुल 19 वर्ष, निवासी मदनपुर खादर; तथा मोहिन 22 वर्ष निवासी मदनपुर खादर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वहीं फरार आरोपी नूर नवी, निवासी मदनपुर खादर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय के अनुसार, पुलिस की तत्परता, तकनीकी विश्लेषण और सतर्क कार्रवाई के चलते इस मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका तथा आगे भी क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान जारी रहेगा।

Comments