Haryana Weather: हरियाणा के इन जिलों में आज होगी तेज बारिश, अलर्ट जारी
Haryana Weather: हरियाणा में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। आज यानी 3 सितंबर को राज्य के कई जिलों में सुबह से ही रुक-रुककर बारिश हो रही है। पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला, पानीपत, करनाल और सोनीपत में बारिश का दौर जारी है, जबकि झज्जर में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा है। यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज पर सुबह 7 बजे तक 1,63,994 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया, जिसके कारण फ्लड गेट खोल दिए गए हैं।
कुरुक्षेत्र के आठ गांवों में मारकंडा नदी का पानी सड़कों और खेतों में भर गया है, वहीं पिहोवा के दो गांवों में घग्गर नदी का पानी घुस आया है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश की वजह से जानमाल का नुकसान भी देखने को मिला है। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद की अमर विहार कॉलोनी में एक मकान की छत गिर गई, जिसमें दो सगे भाइयों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रदेश के कई हिस्सों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। झज्जर, पंचकूला, अंबाला, भिवानी, हिसार के हांसी ब्लॉक, यमुनानगर के छछरौली ब्लॉक, कुरुक्षेत्र के पिहोवा व शाहाबाद ब्लॉक, और फतेहाबाद के टोहाना, जाखल और भूना ब्लॉक के सभी स्कूलों में आज छुट्टी घोषित की गई है।

Comment List