अवैध असलहे के साथ दबंगों की धमकी,पीड़िता ने पुलिस से की कार्रवाई की अपील
चित्रकूट।
जनपद चित्रकूट के थाना पहाड़ी क्षेत्र के ग्राम रेहुंटा निवासी रामसेवक पुत्र घनश्याम ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत कर आरोप लगाया है कि उसके गांव के दबंग किस्म के व्यक्तियों ने अवैध असलहा लेकर न केवल गाली-गलौज की है, बल्कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी है। प्रार्थी ने इस संबंध में कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से इन व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अपील की है।
रामसेवक ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव के ही विनय पुत्र अवधेश और शारदा पुत्र गंगा प्रसाद लगातार अवैध असलहे, जैसे रिवॉल्वर, राइफल 315 बोर और 12 बोर सिंगल बैरल के साथ गली-गली घूम रहे हैं और लोगों को डराते-धमकाते हैं।
इन हथियारों को सोशल मीडिया पर वायरल कर के ये दबंग लोग यह संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं कि वे कानून से ऊपर हैं और उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। रामसेवक का आरोप है कि ये दोनों व्यक्ति न केवल उनके लिए, बल्कि पूरे गांव के लिए खतरे का कारण बन गए हैं।
प्रार्थी ने यह भी कहा कि उनका परिवार इन दबंगों के डर से सहमा हुआ है और किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है। रामसेवक ने पुलिस से निवेदन किया है कि इन व्यक्तियों के खिलाफ अवैध असलहा रखने और धमकी देने के आरोप में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि इन असलहों की जांच कराकर FIR दर्ज करने की कृपा की जाए ताकि गांव में शांति बनी रहे।
अब यह देखना होगा कि पुलिस अधीक्षक इस मामले में क्या कदम उठाते हैं और इन दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करते हैं या नहीं।

Comments